मुंगेर के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा की छात्रा सपना कुमारी (14) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाइवा वाहन का शीशा तोड़ दिया और सड़क जाम कर दिया। लोग मुआवजे और आरोपी चालक पर कार्रवाई की मा
.
मृतक छात्रा की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के झिकुली गांव निवासी मुकेश यादव की पुत्री सपना कुमारी के रूप में हुई है। सपना अपनी छोटी बहन नैना के साथ साइकिल से एसबीआरटी कन्या उच्च विद्यालय संग्रामपुर में परीक्षा देने जा रही थी। स्टेट बैंक के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नैना इस हादसे में बाल-बाल बच गई।
आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने संग्रामपुर-गंगटा मुख्य मार्ग और सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। वे बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने, मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम दो घंटे से अधिक समय तक जारी रहा।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
सूचना मिलने पर तारापुर, संग्रामपुर और हरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। तारापुर के एसडीओ और डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। हालांकि, घटना के बाद आरोपी हाइवा चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
इस घटना से स्थानीय लोगों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से जिले में तेज रफ्तार वाहनों और घने कोहरे के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
