हरियाणा के सिरसा जिले की डबवाली निवासी स्नेहा ने चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में आयोजित गन शूटिंग टूर्नामेंट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने एयर पिस्टल इवेंट अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
.
शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सिरसा की 17 वर्षीय छात्रा स्नेहा के लिए यह नौवां पदक है। वह आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।
स्नेहा की उपलब्धियों का सिलसिला लंबा है। नवंबर 2023 में उन्होंने पंचकुला के हालमार्क पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीता था। अक्टूबर 2023 में सीबीएसई नॉर्थ जोन निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
रांची में भी रजत पदक जीत चुकी स्नेहा
जून 2023 में स्नेहा और उनकी बहन मोहिनी ने दिल्ली में आयोजित हरियाणा इंटर स्कूल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते। इससे पहले स्नेहा ने रांची में आयोजित सीबीएसई की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया।
स्नेहा की बहन मोहिनी भी निशानेबाज
स्नेहा और मोहिनी डबवाली के वार्ड नंबर 4 की पार्षद मोनिका और व्यवसायी ओमविष्णु गंगा की पुत्रियां हैं। दोनों बहनें शाह सतनाम की गर्ल्स स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्राएं हैं। उनका परिवार मूल रूप से डबवाली उपमंडल के गांव गंगा का है।
