पुलिस गिरफ्त में आरोपी पति-पत्नी।
हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने फतेहाबाद जिले में गांव दरियापुर के पास पति-पत्नी को नशा तस्करी के आरोप में पकड़ा है। दोनों के कब्जे से 14.45 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोन
.
हरियाणा एनसीबी फतेहाबाद यूनिट के इंचार्ज तरसेम सिंह ने बताया कि एसआई बनवारी लाल ने अपनी टीम के साथ एक सूचना के आधार पर फतेहाबाद में नेशनल हाईवे-9 पर सिरसा से फतेहाबाद रोड पर स्थित गांव दरियापुर के पास से बाइक पर नशा तस्करी कर रहे पति-पत्नी को पकड़ा। आरोपियों की पहचान फतेहाबाद शहर की भीमा बस्ती निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और पिंकी के रूप में हुई है।
पत्नी पंजाब की रहने वाली, वहीं से लाते थे ड्रग्स
एचएनसीबी टीम के इंचार्ज तरसेम सिंह ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह की पत्नी पिंकी पंजाब के फाजिल्का की रहने वाली है। पति-पत्नी वहीं से नशा लेकर आते थे और यहां बेच रहे थे। दोनों के दो बच्चे भी हैं। उन्होंने बताया है कि अभी तीन-चार महीने से यह नशा बेचने का काम कर रहे थे। मगर पुलिस को शक है कि यह लंबे समय से लगे हुए हैं। अब आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा।
कहीं नशा बिकता दिखे तो बेफिक्र होकर दें सूचना
तरसेम सिंह ने बताया कि आम जन को कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई दे तो भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही नशे की सूचना देने से संबंधित टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN और हरियाणा एनसीबी के टोल फ्री नंबर 90508-91508 पर बेफिक्र होकर सूचना दें।
जनता के सहयोग से ही नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा सकेगा। पुलिस प्रशासन सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखेगा।
