लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में चमन मस्जिद के पास रहने वाली महिला से मनचले ने छेड़खानी की। विरोध करने पर अपने साथियों के साथ महिला के पति को पीट दिया। आरोपी और उसके साथी नशे की हालत में थे। घर पर कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला तो छीनकर तोड़ दिया।
.
पीड़िता ने बताया कि वह पुराना चबूतरा स्तिथ निजी नर्सिंग होम में काम करती हैं। पीड़िता का कहना है काफी दिनों से फैसल नाम का युवक उनका पीछा करता था और धमकी देता था कि हमारे साथ चलो, नहीं तो उठवा लेंगे।
बुधवार रात करीब नौ बजे वह अपने पति संग भुइयन देवी मंदिर के पास से गुजर रही थीं। तभी फैसल ने उन्हें रोककर हाथ पकड़ लिया और गलत हरकत करने लगा। जब उनके पति ने विरोध किया तो फैसल ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी।
महिला का आरोप है कि इस दौरान फैसल और उसके साथी नशे में थे। पति-पत्नी ने जब घर फोन करने की कोशिश की तो आरोपियों ने मोबाइल भी तोड़ दिया। पीड़िता ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर सहादतगंज का कहना है मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
