राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देश पर मुंगेली जिला जेल का बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने निरीक्षण किया। जेल लीगल एड क्लिनिक की गतिविधियों को मजबूत करने और कैदियों की मूलभूत सुविधाओं की जांच के लिए यह निरीक्षण किया गया।
.
निरीक्षण में प्रधान जिला-सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की अध्यक्ष गिरिजा देवी मेरावी शामिल थीं। कलेक्टर कुन्दन कुमार, प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला और जेल अधीक्षक ममता पटेल भी मौजूद रहे।
कैदियों से मिलकर सुनी समस्या
टीम ने जेल परिसर का विस्तृत दौरा किया। कैदियों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति जानी। कैदियों के स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं की समीक्षा की।
कैदियों को विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निजी अधिवक्ता और एलएससीएस अधिवक्ताओं की जानकारी दी गई। कानूनी मदद पाने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

