शेखपुरा में शुक्रवार को एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने जनता दरबार का आयोजन किया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पुलिस कार्यालय के एसपी कक्ष में ‘सेवा संवाद समाधान’ कार्यक्रम के तहत यह दरबार लगा। तेज धूप और गर्मी के बावजूद, 13 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। यह कार्यक्रम राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के आलोक में आयोजित किया गया। जिले के सभी थानों से लेकर एसपी कार्यालय तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को ऐसे जनता दरबार लगाए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। एसपी ने दरबार में पहुंचे सभी फरियादियों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना। उन्होंने संबंधित थाना अध्यक्षों को मामलों की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में दर्ज होने वाली प्राथमिकियों, अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने, भूमि विवाद, रास्ते और गली विवाद जैसे विभिन्न प्रकार के मामले सामने आए। एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने कहा कि पुलिस का प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। उनकी समस्याओं को सुनने और समझने के लिए आम लोगों के साथ पुलिस के दोस्ताना संबंध आवश्यक हैं। इस अवसर पर जनता दरबार में कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
Source link
