कपड़े की दुकान पर फेक यूपीआई पेमेंट करती युवती
ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में एक युवती द्वारा फेक UPI पेमेंट दिखाकर दुकानदारों को ठगने का मामला सामने आया है। दुकानदारों का कहना है कि युवती लगातार दुकानों को अपना निशाना बना रही है और नकली ऑनलाइन पेमेंट के जरिए उन्हें चूना लगाने की कोशिश कर रही है। कपड़े
.
घटना की शुरुआत तब हुई जब 24 सिंतबर को आरोपी युवती ओल्ड फरीदाबाद मार्केट की दुकान नंबर 395 कशिश पॉइंट पर पहुंची। यहां उसने करीब 2300 रुपए के कपड़े खरीदे। कपडे़ पैक करवा लेने के बाद उसने दुकानदार को यूपीआई पेमेंट करने का दिखावा किया।
मोबाइल पर नकली पेमेंट स्क्रीन दिखाकर उसने दुकानदार को विश्वास दिला दिया कि रकम ट्रांसफर हो गई है। दुकानदार ने उस समय तुरंत अपने अकाउंट की जांच नहीं की। इसी दौरान युवती मौका पाकर सामान लेकर निकल गई। दुकान संचालक आशा ने बताया कि उनकी दूसरी दुकान पर भी युवती ने कई महीने पहले इसी तरह से ठगी की थी।
आरोपी लड़की सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
ज्वेलरी शॉप पर भी की ठगी की कोशिश कपड़ों की दुकान पर सफल होने के बाद युवती पास ही स्थित योगेश ज्वेलरी शॉप नंबर 48 पर पहुंची। यहां भी उसने वही तरीका अपनाया और गहने लेने की कोशिश की। लेकिन इस बार दुकानदार ने सतर्कता दिखाई।
युवती द्वारा पेमेंट किए जाने के दावे के बाद उसने तुरंत अपने बैंक अकाउंट की जांच की। जब खाते में कोई राशि नहीं आई तो उसने सामान देने से साफ इनकार कर दिया। यह सुनकर युवती वहां से चली गई। ज्वेलर योगेश ने इस मामले को लेकर पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना ज्वेलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवती किस तरह दुकानदारों को फेक यूपीआई पेमेंट का झांसा देकर ठगने की कोशिश कर रही थी। सीसीटीवी सबूत मिलने के बाद अब मार्केट एसोसिएशन भी इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की तैयारी कर रही है।
दुकानदारों को सतर्क रहने की अपील मार्केट एसोसिएशन ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन भुगतान को केवल बैंक अकाउंट में राशि की पुष्टि के बाद ही स्वीकार करें। कई बार ग्राहक पेमेंट का स्क्रीन शॉट दिखाकर या नकली यूपीआई अलर्ट बनाकर दुकानदारों को धोखा देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
