बेतिया में आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ महापर्व और 2025 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं। इन आयोजनों के दौरान भीड़ बढ़ने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती को देखते हुए विशेष तैयारियां की
.
पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एक विशेष दंगा नियंत्रण टीम का गठन किया गया है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य आपात स्थितियों, दंगों, उपद्रवों या कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर त्वरित कार्रवाई करना है। पुलिस केंद्र बेतिया के मैदान में इस टीम का एक मॉक ड्रिल आयोजित किया गया, जिसमें जवानों ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
दंगा नियंत्रण टीम का गठन।
आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस है पुलिसकर्मी
टीम के सभी पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं। इनमें हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, चेस्ट गार्ड, लाठी और टियर गैस जैसे उपकरण शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि यह टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने और उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने की रणनीतियों का अभ्यास किया। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को अनुशासन और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बिना डर के त्योहार मना पाएगी जनता
एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने कहा कि त्योहार और चुनाव दोनों ही समय पुलिस के लिए बड़ी चुनौतियां पेश करते हैं। उन्होंने बताया कि दंगा नियंत्रण टीम को इसलिए तैयार किया गया है ताकि आम लोग बिना किसी डर या परेशानी के अपने पर्व मना सकें और चुनाव प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस ने जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। इसके लिए हर स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
