‘4 अक्टूबर, शनिवार का दिन था। तेलंगाना के मोइनाबाद इलाके में ‘चेरी ओक्स’ फार्महाउस पर रेव पार्टी चल रही थी। इस पार्टी के बारे में हमें इनपुट मिला कि यहां ड्रग्स और गांजे का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना मिलते ही हमारी राजेंद्रनगर स्पेशल ऑपरेशन टीम म
.
तेलंगाना में ‘ट्रैप हाउस’ रेव पार्टी केस की जांच टीम में शामिल एक सीनियर पुलिस अफसर ने ये बात बताई। अफसर के मुताबिक जांच में सामने आया है कि इस इवेंट को लेकर बीते एक महीने से हैदराबाद, रंगारेड्डी और मोइनाबाद में सोशल मीडिया के जरिए प्रमोशन हुआ। रेव पार्टी में लोगों को कोकीन, गांजा, एक्साइटमेंट बढ़ाने वाली एक्सटेसी पिल्स और MDMA जैसे ड्रग्स दिए गए।
मामले में कनाडा कनेक्शन सामने आया है। मोइनाबाद पुलिस फार्महाउस मालिक समेत पार्टी में शामिल सभी लोगों को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में मुख्य आरोपी पार्टी के होस्ट ईशान को बनाया गया है। वो पिछले साल कनाडा से भारत लौटा था। उस पर फार्महाउस पर ऐसी ही रेव पार्टियां कराने और नशीले प्रतिबंधित पदार्थों का रोजाना सेवन करने का शक जताया गया है।
तेलंगाना के पॉश इलाके के फार्महाउस में पुलिस रेड में 65 लोग पकड़े गए हैं। इसमें 12 लड़कियां और 22 नाबालिग भी शामिल हैं।
एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने खोला पूरा मामला तेलंगाना में जुलाई से अक्टूबर तक रेव पार्टियों में बड़ी मात्रा में ड्रग्स मिलने के तीन बड़े मामले आ चुके हैं। इसके मद्देनजर पुलिस सहित नारकोटिक्स डिपार्टमेंट पूरे राज्य में प्राइवेट बार, फार्महाउस और कैफे में चेकिंग अभियान चला रहा है। 3 अक्टूबर को राजेंद्रनगर पुलिस को इनपुट मिला कि मोइनाबाद इलाके में वीकेंड पर चेरी ओक्स फार्महाउस में रेव पार्टी होने वाली है। इसमें ड्रग्स और नशीली दवाओं का इस्तेमाल हो सकता है।
तेलंगाना पुलिस में हमारे सोर्सेज के मुताबिक, मोइनाबाद में होने वाली रेव पार्टी को लेकर 11 सितंबर से ही माहौल बनाया जा रहा था। इंस्टाग्राम पर 9MM नाम की एक प्रोफाइल पर पार्टी से जुड़ी पोस्ट शेयर होती है। इसमें लाल रंग के बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा जाता है,
‘ट्रैप हाउस’…यहां का सिर्फ एक नियम है। डूबो, नाचो और माहौल का पूरा आनंद उठाओ। पार्टी का पता- मोइनाबाद फार्महाउस और टाइमिंग- शाम 6 से रात 12 बजे तक।

20 दिन तक हैदराबाद, रंगारेड्डी जैसे जिलों में यूथ को पार्टी से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया पर कई कैंपेन चलाए गए। पार्टी में सिंगल एंट्री के लिए 1600 रुपए और कपल एंट्री के लिए 2800 रुपए के पास बेचे गए। तीन हफ्तों में 50 से ज्यादा लोगों ने ये पास खरीदे थे।

इंस्टाग्राम पर रेव पार्टी का ये पोस्टर शेयर करके यूथ के लिए कैंपेन चलाया गया था।
सीक्रेट तरीके से फार्महाउस पहुंचाई गई ड्रग्स मोइनाबाद इंस्पेक्टर जी पवन कुमार रेड्डी कहते हैं, ‘हमें इलाके के कुछ लोगों ने सूचना दी थी कि ‘चेरी ओक्स’ फार्महाउस पर आए दिन देर रात तक पार्टियां होती हैं। इसमें ज्यादातर कॉलेज जाने वाले कम उम्र के लड़के-लड़कियां आते हैं। रातभर तेज आवाज में गाने बजाए जाते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है। लोकल लोगों ने शक जताया कि फार्म हाउस में गुपचुप तरीके से ड्रग्स की सप्लाई होती है, जिसे युवाओं को सर्व किया जाता है।‘
‘शिकायत मिलने पर राजेंद्रनगर की SOT टीम ने 4 अक्टूबर की रात फार्महाउस पर छापा मारा। जहां मौके पर 65 लोग नशे में चूर मिले। सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि पकड़े गए लोगों में 22 की उम्र 18 साल से भी कम थी। 12 लड़कियां अचेत हालत में मिलीं, इनमें से पांच नाबालिग थीं। नशे में धुत मिले सभी 65 लोगों को हिरासत में लेकर उनके ब्लड और यूरिन सैंपल लिए गए।‘

कनाडा रिटर्न ईशान ने ‘ट्रैप हाउस’ पार्टी का बनाया प्लान मामले की जांच कर रहे तेलंगाना पुलिस की एक सीनियर अफसर ने बताया कि इस ड्रग पार्टी का प्लान ईशान नाम के एक लड़के ने बनाया था। वो यहीं के एक प्राइवेट कॉलेज में सेकेंड ईयर का स्टूडेंट है। पूछताछ में ईशान ने कबूला है कि वो बीते एक साल से यहां अकेले रह रहा था। उसकी फैमिली कनाडा में रहती है। हालांकि पार्टी में ड्रग्स किसने भिजवाई, इसका पता अभी नहीं चल पाया है।
मोइनाबाद पुलिस को शक है कि ईशान नशीली दवाओं और प्रतिबंधित ड्रग्स का लंबे समय से इस्तेमाल कर रहा था। उस पर शक जताया गया है कि वो पहले भी ऐसी रेव पार्टियां ऑर्गनाइज करवा चुका है। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ऐसी इल्लीगल रेव पार्टियों के नेटवर्क और ड्रग्स सप्लायर्स का पता लगा रही है।

कितना आसान है रेव पार्टियों तक ड्रग्स पहुंचना तेलंगाना पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन टीम के अधिकारियों ने फिलहाल मोइनाबाद फार्महाउस को सील कर दिया है। मौके पर 10 विदेशी शराब की बोतलें और नशीले पदार्थ को कब्जे में लिया गया है। पुलिस सोर्सेज के मुताबिक, रेव पार्टी traphouse.9MM नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए प्रमोट की गई थी, जिसे हैदराबाद के एक डीजे ने बनाया है।
छापेमारी के बाद फार्महाउस पर मौजूद सभी लोगों को मोइनाबाद पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। दो लोगों का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिन पर NDPS एक्ट की धारा 27 और बिना पुलिस अनुमति के इवेंट करने की धाराएं शामिल हैं। घटना में शामिल सभी नाबालिगों के परिवारों को भी सूचना दे दी गई है। रेव पार्टियों में युवाओं के बीच बढ़ते ड्रग्स इनटेक के मामलों पर हमने तेलंगाना के एक्सपर्ट्स से बात की।
हमने 3 सवाल किए…
1) बीते एक साल में तेलंगाना में रेव पार्टियों में ड्रग्स पकड़े जाने और इसमें यूथ के इन्वॉल्वमेंट का ट्रेंड क्यों बढ़ा है?
2) युवाओं की पार्टियों तक ड्रग्स का पहुंचना कितना आसान है?
3) तेलंगाना सरकार इस ट्रेंड को रोकने के लिए क्या कर रही है?

पुलिस ने छापेमारी के दौरान शराब की बोतलें, कोकीन, एक्सटेसी पिल्स और MDMA जैसे ड्रग्स जब्त किए हैं।
युवाओं तक ड्रग्स की पहुंच कितनी आसान हुई? तेलंगाना में ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े कई मामलों को कवर कर चुकीं हैदराबाद की सीनियर जर्नलिस्ट उमा सुधीर कहती हैं, ‘न सिर्फ यूथ के बीच बल्कि समाज के हर तबके में ड्रग्स कंज्यूम करने का पैटर्न तेजी से बढ़ रहा है। यहां तक कि बिजनेसमैन, कॉलेज जाने वाले बच्चों से लेकर हाउस वाइफ्स में भी इसका चलन बढ़ गया है।‘
‘पहले ड्रग सप्लाई का धंधा डार्क नेट पर चोरी-छिपे होता था, लेकिन अब तो इसकी बिक्री वॉट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर खुलेआम हो रही है।‘
डिलवरी कैसे होती है? इस पर उमा दो मेन तरीके बताती हैं।
पहला: घर पर पार्सल के जरिए सीधी सप्लाई। दूसरा: ड्रग डीलर आपको तय जगह बताएगा, वहां जाकर आपको इसे कलेक्ट करना होगा।

ऐसे मामलों पर तेलंगाना सरकार का क्या रुख है? उमा आगे कहती हैं, ‘तेलंगाना में रेवंत रेड्डी सरकार आने के बाद ड्रग कंट्रोल पर काफी काम हुआ है। राज्य में ड्रग्स और नशीली दवाओं के बढ़ते ट्रेंड को रोकने के लिए एंटी-नारकोटिक्स ब्यूरो के साथ एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एन्फोर्समेंट (ईगल) नाम से नया विभाग बनाया गया है।‘
‘ईगल टीम, लोकल पुलिस के साथ मिलकर फार्महाउस, सर्विस अपार्टमेंट और गेस्ट हाउस जैसे संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इससे कई ड्रग पैडलर्स के नेटवर्क और गैर-कानूनी रेव पार्टियों पर शिकंजा कसा गया है।‘

रेव पार्टियां, नशा और ड्रग्स के करीब क्यों आ रहा तेलंगाना का यूथ? हैदराबाद की मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के सीनियर प्रोफेसर अफरोज आलम कहते हैं, ‘सिर्फ तेलंगाना ही नहीं, बल्कि युवाओं में ड्रग्स इनटेक के मामले मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु में भी तेजी से बढ़े हैं। ये केवल कानून-व्यवस्था के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और परिवारों के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरा है।‘
‘आजकल पढ़ाई-करियर बनाने का प्रेशर और पेरेंट्स का बच्चों पर कम ध्यान दे पाना उनके अंदर अकेलापन और भावनात्मक खालीपन पैदा कर रहा है। इस भरने के लिए वो रेव पार्टियां या फिर नशे की ओर मुड़ते हैं।‘
‘आजकल नशे से जुड़े प्लेटफॉर्म्स तक युवाओं की पहुंच बहुत आसान हो गई है, जिनसे घर बैठे नशीले पदार्थों, यहां तक कि ड्रग्स की डिलीवरी आसानी से हो जाती है। सरकार और पुलिस को ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी को और सख्त करना होगा, ताकि नशे की तरफ युवाओं का इन्वॉल्वमेंट कम किया जा सके।‘

ट्रैप-हाउस मामले में तेलंगाना पुलिस क्या कह रही… फार्महाउस मालिक समेत 6 पर केस दर्ज, ड्रग्स सिंडिकेट का पता लगा रहे मामले के चीफ इन्वेस्टिगेटिव अफसर पवन रेड्डी ने भास्कर को बताया, ‘मोइनाबाद इलाके में ये ऐसा पहला इवेंट था, जिसमें नशीले सामान के साथ इतनी बड़ी संख्या में युवा पकड़े गए। मुख्य आरोपी ईशान की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार को सूचना दे दी गई है। उसके पिता कनाडा में रहते हैं। अब तक मामले में फार्महाउस मालिक समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।‘
‘मोइनाबाद समेत आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को ऐसे इवेंट्स से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि ड्रग्स सप्लायर और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।’
‘चेरी ओक्स फार्महाउस में रेड के दौरान कुछ विदेशी लोग भी मिले हैं, जिनमें इवेंट ऑर्गनाइजर भी शामिल है। फार्महाउस से जो शराब बरामद हुई है, वो भी विदेशी ब्रांड की है। लिहाजा केस में बाहरी स्पॉन्सर्स और फॉरेन फंडिंग की भी जांच हो रही है।’
……………. ये खबर भी पढ़ें…
पिटवाया, घर तोड़ा, गोली चलवाई; अब आजम खान रिहा

रामपुर के रहने वाले फैसल लाला का परिवार 19 साल से आजम खान के खिलाफ केस लड़ रहा है। वो दावा करते हैं कि आजम के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें 3 बार झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया। बरेली गेट पर उनकी 40 दुकानें तोड़ दी गईं। उनके करीबियों को डराया-धमकाया गया, यहां तक कि उनके घर की बिजली भी काट दी गई। 23 सितंबर को सीतापुर जेल से रिहा होकर सपा नेता आजम खान रामपुर पहुंचे। आजम की रिहाई के बाद एक तबका डरा-सहमा है। पढ़िए पूरी खबर…
