हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित रसूलीगंज चौक के पास बुधवार शाम एक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक मोटरसाइकिल से हजारीबाग से बड़कागांव की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे टक्कर मार दी।
.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसकी तुरंत मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल कटकमदाग थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस दल मौके पर पहुंचा, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मोटरसाइकिल का नंबर कोडरमा जिले का है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक कोडरमा का निवासी हो सकता है।
पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि इस चौक पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
