हरियाणा में करनाल जिले के रहने वाले एक युवक को कंबोडिया में बंधक बना लिया गया है। उसे एजेंटों ने नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया बुलाया था। इसके बाद युवक को एक कंपनी में 3500 डॉलर (करीब 3 लाख रुपए) में बेचकर भाग गए।
.
अब कंपनी युवक को छोड़ने के लिए उसके परिजन से 5000 डॉलर (करीब 4 लाख 40 हजार रुपए) मांग रही है। युवक को पीटते और प्रताड़ित करते हुए का एक वीडियो आरोपियों ने युवक के परिजन को भेजा है। इसके बाद युवक के परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
युवक के परिजन का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर अपने बेटे को कंबोडिया भेजा था। अब उनके पास इतने पैसे नहीं है कि अपने बेटे को छुड़ा सकें। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू की है।
परिजन ने पुलिस को यह जानकारी दी…
- फर्जी नौकरी का झांसा देकर भेजा था: करनाल की दुर्गा कॉलोनी के निवासी तेजपाल की पत्नी राजकली ने करनाल के एसपी को शिकायत देते हुए बताया कि वह एक साधारण महिला हैं और मजदूरी कर किसी तरह घर का गुजारा करती हैं। 9 अगस्त को उनके बेटे धर्मबीर को एजेंट संजय और सोनू ने प्लास्टिक कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर कंबोडिया बुलाया।
- 3500 डॉलर में बेचा: राजकली बताती हैं- कंबोडिया पहुंचने के बाद संजय ने मेली नाम की महिला के साथ मिलकर धर्मबीर को एक कंपनी में नौकरी पर लगवा दिया। इसके बाद वह खुद कंपनी से संजय के बदले 3,500 डॉलर लेकर महिला मेली के साथ भाग गया।
- मना करने पर की पिटाई, पासपोर्ट- फोन छीना: शिकायत में कहा गया कि जब धर्मबीर को पता चला कि कंपनी उससे गलत काम करवा रही है, तो उसने काम करने से मना कर दिया। इस पर कंपनी के मालिक ने धर्मबीर को बुरी तरह पीटा, धमकाया और उसका मोबाइल व पासपोर्ट छीन लिया। फिर मालिक ने धर्मबीर को दूसरी कंपनी में 5 हजार डॉलर में बेच दिया।
- नई कंपनी में भी अत्याचार हुआ: राजकली ने बताया- नई कंपनी ने भी धर्मबीर को जबरन काम करने को मजबूर किया। जब उसने फिर से मना किया तो कंपनी के मालिक ने कहा कि अगर वह काम नहीं करेगा, तो उनके 5 हजार डॉलर लौटा दे। इसके बाद उसे छोड़ा जाएगा। अब धर्मबीर को वहां बंधक बनाकर रखा गया है। उसे समय पर खाना नहीं दिया जा रहा और मारपीट की जा रही है।
- कर्ज लेकर भेजा था बेटा, अब मदद की गुहार: राजकली ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज लिया था। अब वह बेहद तंगहाली में हैं और इतने पैसे जुटाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द बेटे को नहीं छुड़ाया गया तो उसकी जान को खतरा है। उन्होंने कंबोडिया की उस कंपनी और भारत के एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस एसपी ने यह शिकायत थाना सेक्टर 32-33 करनाल में भेजी, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच अधिकारी निरंजन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। एजेंटों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
