गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत सबरीनाथ में मंगलवार सुबह एक तेंदुए का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब के पास तेंदुए के मृत मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सुबह ग्रामीणों ने देखा तेंदुए का शव ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच कुछ लोग सबरीनाथ तालाब के पास पहुंचे थे। वहां उन्हें एक तेंदुआ अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि मृत तेंदुआ कम उम्र का था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय सरपंच हरि सिंह को दी। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच सूचना मिलने के बाद राघौगढ़ वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तेंदुए के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वाहन की टक्कर से मौत की आशंका इस मामले में अक्षय राठौर ने बताया कि सुबह चौकीदार से सूचना मिली थी कि एक मेल शावक मृत अवस्था में पड़ा है। उसकी उम्र करीब एक साल बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके पर जांच के दौरान किसी संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में सिर में चोट आने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया ऐसा माना जा रहा है कि किसी वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हुई है। जंगल से सटा है इलाका वन विभाग के मुताबिक यह क्षेत्र जंगल और राजस्व सीमा से लगा हुआ है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। फिलहाल विभाग मामले की जांच कर रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
