पंजाब के लुधियाना में अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। श्री दरबार साहिब जा रहे एक परिवार की कार अचानक सड़क पर आए दो आवारा पशुओं से टकरा गई। इस घटना में कार सवार एक महिला मामूली रूप से घायल हो गईं, जबकि एक पशु भी चोटिल हुआ।
.
सिमरनजीत सिंह अपने परिवार के साथ अमृतसर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार आवारा पशुओं से जा टकराई। हादसे में सिमरनजीत सिंह की माता जी के पेट में चोट आई, जिनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। घायल पशु को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए भेजा।
सिमरनजीत सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी की गति लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी और उन्होंने सीट बेल्ट लगाई हुई थी। अचानक दो आवारा पशु गलत दिशा से भागते हुए आए और गाड़ी से टकरा गए। उन्होंने ईश्वर का धन्यवाद किया कि बड़ा हादसा टल गया।
उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि टैक्स देने के बावजूद सड़कों पर आवारा पशुओं का खतरा लगातार बना हुआ है। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। गौरतलब है कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश के बद्दी में भी आवारा पशुओं के कारण हुए एक सड़क हादसे में राजवीर जवादा का निधन हो गया था।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर नियमित गश्त बढ़ाने और आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रयों में रखने की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
