धनबाद के बलियापुर पुलिस ने चोरी के छह मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लाखों रुपए के जेवरात, मोबाइल, लैपटॉप और इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन सहित कई चोरी की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
.
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल से जुड़ा है। बीते 1 सितंबर 2025 की रात चंडी चरण चटर्जी के घर से चोरों ने 50 हजार रुपए नगद, सात से आठ भर सोने के गहने, सैमसंग मोबाइल, गाड़ी की चाबी, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य कीमती सामान चुरा लिए थे। इस संबंध में बलियापुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
इस गिरफ्तारी से कुल छह चोरी कांडों का खुलासा
जांच के दौरान, थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो (23) और बेलगड़िया कॉलोनी निवासी ललन मंडल उर्फ लाला (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने आमटाल की चोरी के साथ-साथ झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, ये दोनों पेशेवर चोर हैं और इनके खिलाफ झरिया, जोरापोखर, तिसरा तथा बलियापुर थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से कुल छह चोरी कांडों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बरामद सभी वस्तुओं को जब्त कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
