युवती को भेजा गया गिफ्ट का फोटो
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसमें विदेश में रह रहे युवक से शादी का झांसा देकर युवती से आठ लाख 37 हजार 400 रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने महंगे गिफ्ट भेजने की बात कहकर क्लियरेंस के नाम पर युवती से यह रकम वसूली।
.
शिकायत के अनुसार, ऑनलाइन शादी का रिश्ता तय करने के नाम पर ठगों ने युवती को झांसे में लिया। ठगों ने खुद को पंजाब के जालंधर का मूल निवासी और अब यूके (लंदन) का कारोबारी बताते हुए युवती को अपने जाल में फंसा लिया और लंदन से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर अलग-अलग बहाने से रकम वसूल की।
जानिए.. ठगों की चाल, कैसे जाल में फंसा
- वेबसाइट पर पोर्टफोलियो देखा है, बेटे को पसंद हो: गांव कबूलपुर निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी प्रोफाइल शादी डॉट कॉम वेबसाइट पर बनाई हुई थी। 7 अक्टूबर को उसे एक महिला का फोन आया। उसने कहा कि उसका बेटा आपकी शादी की वेबसाइट पर आपकी प्रोफाइल देख चुका है और वह रिश्ता आगे बढ़ाना चाहता है।
- युवती के पिता से भी बात की: युवती ने बताया कि अगले दिन उस महिला के बेटे ने खुद को गौरव सिंह (यूके निवासी) बताया। कहा कि उनका परिवार मूल रूप से गीता कॉलोनी, जालंधर (पंजाब) का है, लेकिन अब लंदन में रहते हैं। 9 अक्टूबर को गौरव ने युवती के पिता से भी फोन पर बात की और दिसंबर में पंजाब आकर शादी की बातचीत करने की बात कही।
- हीरे की अंगूठी व आईफोन भेजने का दिया झांसा: इसके बाद विदेशी नंबर से वाट्सएप कॉल के जरिए उसने युवती से संपर्क बनाए रखा। कुछ दिनों बाद उसने कहा कि उसने युवती के नाम से लंदन से एक पार्सल भेजा है, जिसमें हीरे की अंगूठी, दो आईफोन, छह हजार पाउंड नकद, सोने की चूड़ियां और डायमंड नेकलेस शामिल हैं।
- कस्टम क्लियरेंस के नाम पर वसूले: इसके बाद ठग ने युवती से पार्सल ड्यूटी चार्ज, कस्टम क्लियरेंस और अन्य फीस के नाम पर कई बार पैसे मंगवाए। उसने पहले 25,100 रुपए, फिर 49,500 रुपए, इसके बाद 1,27,000 रुपए, फिर 60,000 रुपये, 2,75,000 रुपए, और अंत में 5,09,000 रुपए ट्रांसफर करवाए गए।
