वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में सिंचाई विभाग की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार शाम हंगामा कर दिया। रजवाहे की सफाई के बाद निकली सिल्ट और कूड़ा न हटाने से गुस्साए लोगों ने विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) सचिन पाल को कीचड़ में उतार दिया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष विनित ठकराल और भारतीय किसान यूनियन के नेता अंकुश प्रधान ने किया।
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है। ग्रामीणों का आरोप है कि रजवाहे की सफाई के दौरान भारी मात्रा में मिट्टी, सिल्ट और प्लास्टिक कचरा निकला, लेकिन विभाग ने उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की। इससे रास्तों पर जलभराव और बदबू की स्थिति बन गई है।
स्थानीय किसान रामवीर सिंह ने बताया, “हमने कई बार शिकायत की, लेकिन जेई फोन तक नहीं उठाते। सफाई के नाम पर सिर्फ दिखावा होता है। कचरा वहीं पड़ा रहता है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।”
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने जेई से शिकायत की, तो उसने अभद्र भाषा में जवाब दिया और धमकी दी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने भाजपा नगर अध्यक्ष और किसान यूनियन नेता की अगुवाई में जेई को रजवाहे के कीचड़ में घुमाकर विरोध दर्ज कराया।

विनित ठकराल ने कहा, “भाजपा सरकार में भी अगर विभाग ऐसे काम करेगा, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो जनता सड़कों पर उतरेगी।”अंकुश प्रधान ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कचरा नहीं हटाया गया और व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी। फिलहाल, इस घटना के बाद खतौली क्षेत्र में सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं विभागीय अधिकारी मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
