करनाल में आईटीआई चौक पर दुकान में लगी आग।
करनाल के आईटीआई चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि आसपास धुआं फैल गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
.
दुकानदारों ने तुरंत अपने-अपने सामान को सुरक्षित करने की कोशिश की। मौके पर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
करनाल में चाय की दुकान में लगी आग पर काबू पाता फायर ब्रिगेड कर्मचारी।
पानी की बाल्टियों से बुझाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शी दीपक कुमार ने बताया कि जब आग लगी तो आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सभी ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती जा रही थी। चाय की दुकान में गैस सिलेंडर रखा था। लोगों में डर था कि कहीं सिलेंडर तक आग न पहुंच जाए। अगर ऐसा होता तो जोरदार ब्लास्ट हो सकता था और आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
समय रहते पहुंची फायर टीम, बड़ी घटना टली
फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर तुरंत आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने चौक के आसपास का इलाका खाली करवाया और ट्रैफिक को कुछ देर के लिए रोक दिया। डायल 112 के इंचार्ज विनोद ने बताया कि करीब पौने 12 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि एक खोखा जल रहा है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि अंदर सिलेंडर और कुछ सामान मौजूद था। अनुमान है कि किसी शरारती तत्व ने आग लगाई होगी।

करनाल में आईटीआई चौक पर दुकान में लगी आग
दुकानदार को हुआ हजारों का नुकसान
आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को पीड़ित को मुआवजा देना चाहिए ताकि उसके नुकसान की कुछ भरपाई हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
