देश-विदेश के सैलानियों के लिए खुशखबरी है। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल खंड पर अब विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। हर साल सर्दियों के मौसम में यहां सैलानियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस बार पहले से तैयारी शुरू कर दी है।
.
यात्रियों की बढ़ती वेटिंग लिस्ट और पैकेज टूर की मांग को देखते हुए अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने वाणिज्य विभाग को विशेष निर्देश जारी किए हैं ताकि समय रहते किराया तय कर इन ट्रेनों को शुरू किया जा सके।
बदलते मौसम पर रेलवे की पैनी नजर
रेलवे प्रशासन ने मौसम विभाग से भी लगातार जानकारी लेना शुरू कर दिया है। अनुमान है कि नव वर्ष के आसपास शिमला में बर्फबारी हो सकती है, जिसके चलते सैलानियों की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। इस वजह से रेलवे जल्द ही विशेष ट्रेनों की घोषणा कर सकता है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक एन.के. झा ने बताया कि मुंबई, गोवा, गुवाहटी और दक्षिण भारत से आने वाले यात्रियों की ओर से लगातार आग्रह किया जा रहा है कि बढ़ती वेटिंग लिस्ट को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में यात्रियों के लिए कंफर्म सीटें मिलना मुश्किल हो सकता है। इसी कारण रेलवे ने विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त कोच लगाने की रूपरेखा तैयार कर ली है।

काल्का शिमला ट्रेन का फाइल फोटो
पैकेज ट्रेनों पर भी काम जारी
रेलवे विभाग ‘झरोखा’ और अन्य टूरिस्ट पैकेज ट्रेनों के संचालन की तैयारी भी कर रहा है, ताकि सैलानियों को फुल पैकेज ट्रिप की सुविधा मिल सके। इन ट्रेनों में विशेष कोच होंगे जिनमें भोजन, गाइड और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक एन.के. झा ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के साथ सैलानियों की भीड़ बढ़ रही है। रेलवे का लक्ष्य है कि किसी यात्री को असुविधा न हो। इसलिए विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी की जा रही है ताकि लोग बर्फबारी का आनंद बिना परेशानी के उठा सकें।
सर्दियों का आकर्षण बढ़ाएगा शिमला का रेल सफर
हर साल दिसंबर से जनवरी के बीच शिमला और कालका के बीच टॉय ट्रेन की सवारी देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। रेलवे को उम्मीद है कि इस साल सैलानियों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में 25-30% अधिक रहेगी।
