मुख्य बातें

नीतीश के शपथ लेने पर विज ने जताई खुशी: बोले-बिहार की जनता ने झूठी राजनीति को नकारा, महागठबंधन के दफ्तरों पर ताले लगे – Ambala News

नीतीश के शपथ लेने पर विज ने जताई खुशी:  बोले-बिहार की जनता ने झूठी राजनीति को नकारा, महागठबंधन के दफ्तरों पर ताले लगे – Ambala News


पत्रकारों से बातचीत करते मंत्री अनिल विज

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बिहार में नीतीश कुमार द्वारा 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह जनता का भरोसा और विश्वास है, जिसने एनडीए के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।

.

उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव ने यह साबित कर दिया है कि एनडीए जिस प्रकार की राजनीतिक सोच और विकास की नीति पर काम कर रहा है, उस पर जनता ने भरोसे की मुहर लगाई है।

मंत्री विज ने दावा किया कि चुनाव परिणाम ने महागठबंधन और अन्य विपक्षी दलों को झटका दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के बाद कई दलों के दफ्तरों पर ताले लटक गए हैं, क्योंकि झूठ और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को जनता ने सिरे से नकार दिया है।

झूठ-फरेब की राजनीति को जनता ने बंद कर दिया रास्ता

पत्रकारों से बातचीत के दौरान विज ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन चुनाव प्रचार के दौरान झूठ बोलकर वातावरण को खराब कर रहा था, लेकिन जनता ने सच्चाई समझकर ऐसे नेताओं को करारा जवाब दिया।

विज ने कहा, “एनडीए को छोड़कर चुनाव लड़ रही अन्य सभी पार्टियों के दफ्तरों पर ताले लग चुके हैं। जिन्होंने जनता को गुमराह किया, उन्हें जनता ने नकार दिया।”

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और बिहार की जनता ने यह फैसला साफ कर दिया है कि वह विकास पर आधारित राजनीति को प्राथमिकता देती है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 272 पूर्व नौकरशाहों और जजों द्वारा लिखे गए पत्र पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह केवल 272 लोगों की बात नहीं है, बल्कि पूरे देश की भावना है। विज ने कांग्रेस द्वारा चुनाव में वोट चोरी के लगाए गए आरोपों को “बेमतलब का मुद्दा” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी करती है, लेकिन आज तक किसी भी गलत वोट या फर्जी वोटिंग की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विधानसभा मुलाना के एक गांव में एक महिला के नाम पर 232 वोट बने मिले थे, और उस क्षेत्र से विधायक और सांसद कांग्रेस के जीते हैं। ऐसे में कांग्रेस कैसे तय कर सकती है कि फर्जी वोटों का लाभ NDA या सरकार को मिला?

महागठबंधन के दफ्तरों पर ताले लगे

बिहार चुनाव के बाद महागठबंधन में मचे घमासान पर विज ने कहा कि जनता ने झूठ की राजनीति करने वाले नेताओं के मुंह पर पट्टी बांध दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी चुनाव प्रचार में कभी मछली पकड़ना दिखाते हैं, कभी कोई और नौटंकी। अच्छा है कि वो असली काम करने लगें, जनता को अब उनकी स्क्रिप्टेड राजनीति पसंद नहीं।”

कांग्रेस की एसआईआर बुरी तरह फेल

विज ने कांग्रेस द्वारा बिहार चुनाव को लेकर बार-बार वोट चोरी का मुद्दा उठाने और एसआईआर की बात करने पर कहा कि कांग्रेस की यह रणनीति पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता ने उनकी एसआईआर इनके मुंह पर फेंक दी है। यह हार छिपाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं, लेकिन जनता अब इनके बहकावे में नहीं आएगी।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *