अंबाला शहर में पूर्व मंत्री असीम गोयल के घर पर पहुंचने पर उनका स्वागत करते असीम गोयल व अन्य।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम शुक्रवार को अंबाला शहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रेम नगर स्थित हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री असीम गोयल के निवास पर शिष्टाचार भेंट की। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
.
खेल मंत्री के पहुंचते ही पूर्व मंत्री असीम गोयल के निवास पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, मंडल अध्यक्ष गुरविंदर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खेलों को बढ़ावा देने पर जोर
इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। गांव-गांव तक स्टेडियम, खेल मैदान और प्रशिक्षण सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
अंबाला शहर में पूर्व मंत्री असीम गोयल के घर पर पहुंचने पर शॉल ओढ़ा कर सम्मान करते असीम गोयल व भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा।
हरियाणा बना खेलों का हब- असीम गोयल
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने खेल मंत्री का स्वागत करते हुए सरकार की खेल नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं के चलते आज हरियाणा देश के प्रमुख खेल राज्यों में शामिल हो चुका है। युवाओं को रोजगार और पहचान दिलाने में खेल बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
संगठनात्मक मजबूती पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी चर्चा की गई। अंत में सभी ने एकजुट होकर पार्टी को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम अंबाला शहर के प्रेम नगर, अंबाला में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
