पलवल पुलिस की गिरफ्त में पकड़ा गया आरोपी।
पलवल में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी सिमकार्ड और सोशल मीडिया पर ऑनलाइन बाइक बेचने का विज्ञापन देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को सस्ते में बाइक बेचने का झांसा देकर धोखाधड़ी करता था।
.
साइबर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि, उनकी टीम, जिसका नेतृत्व संदीप कर रहे थे, जयंती मोड़ हथीन में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लखनाका गांव निवासी सोयस फर्जी सिम और सोशल मीडिया प्रोफाइल का उपयोग कर बाइक बेचने के नाम पर ऑनलाइन ठगी कर रहा है।
सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने हथीन बाईपास रोड पर दबिश दी और आरोपी सोयस को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान, उसकी पैंट की जेब से एक ओपो मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें एक फर्जी सिमकार्ड सक्रिय था।
मोबाइल में मिली संदिग्ध चैटिंग
मोबाइल की जांच करने पर, वॉट्सऐप में संदिग्ध चैटिंग मिली। इसके अतिरिक्त, एक अन्य वॉट्सऐप खाता और जय कुमार के नाम से एक फेसबुक पेज आईडी भी मिली। इंस्टाग्राम आईडी पर हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक बेचने से संबंधित पोस्ट पाई गई, और गैलरी में बाइक की तस्वीरें तथा क्यूआर कोड भी मिले।
जांच में सामने आया कि बरामद किया गया मोबाइल नंबर राहुल नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत था। इस नंबर के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत भी दर्ज थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की और उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
साइबर थाना प्रभारी ने दोहराया कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
