मुंगेली पुलिस ने नेवासपुर गांव में हुए हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना जमीन विवाद के चलते हुई थी, जिसमें 70 वर्षीय जनक सोनकर की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
.
पुलिस के अनुसार, 11 दिसंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे प्रफुल सोनकर (21) को गेदलाल सोनकर ने कॉल कर सूचना दी कि नेवासपुर स्थित उनके खेत में झम्मन सप्रे और उसके परिवार के लोग धान काट रहे हैं। सूचना मिलने पर प्रफुल्ल अपने भाई अजीत सोनकर, निखिल सोनकर, मां पूर्णिमा सोनकर और दादा जनक सोनकर के साथ खेत पहुंचे।
खेत में मारपीट और जानलेवा हमला
खेत में धान काटने से मना करने पर झम्मन सप्रे, विमल सप्रे, दूजराम सप्रे और द्वारिका सप्रे ने मिलकर प्रफुल्ल के परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की। इस हमले में जनक सोनकर को सीने, पेट और सिर में गंभीर चोटें आईं।
इलाज के दौरान मौत
घायल जनक सोनकर को इलाज के लिए जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया। रात 11 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। प्रफ़ुल्ल सोनकर की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली मुंगेली थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घायलों का तत्काल डॉक्टरी परीक्षण कराया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कबूलनामा
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी झम्मन लाल सप्रे (54), दूजराम सप्रे (55) और द्वारिका सप्रे (18) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जमीन विवाद के चलते जनक सोनकर की हत्या करने और प्रफ़ुल्ल सोनकर, निखिल सोनकर और पूर्णिमा सोनकर के साथ मारपीट करना स्वीकार किया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, लाठी और लोहे की रॉड जब्त की गई। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 13 दिसंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी विमल सप्रे की तलाश जारी है।
