मजीठा की विधायक बीबा गनीव कौर मजीठिया
अमृतसर के मजीठा की विधायक बीबा गनीव कौर मजीठिया ने जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर पंजाब पुलिस और आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मजीठा में यह चुनाव सरकार ने नहीं, बल्कि पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी के लिए जितवाए हैं
.
बीबा गनीव कौर मजीठिया ने कहा कि मजीठा हलके में जो कुछ हुआ, वह लोकतंत्र नहीं बल्कि अत्याचार और तानाशाही का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को नामांकन दाखिल तक नहीं करने दिया गया।
खुलेआम दबंगई दिखाई और उम्मीदवारों को फोन कर-करके धमकाया गया
पुलिस और प्रशासन ने खुलेआम दबंगई दिखाई और उम्मीदवारों को फोन कर-करके धमकाया गया। कई अकाली कार्यकर्ताओं पर झूठे और गंभीर मुकदमे दर्ज किए गए, ताकि उन्हें चुनाव मैदान से बाहर किया जा सके।
डर के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले
उन्होंने कहा कि राज्य में दमन के माहौल के कारण मतदान प्रतिशत 1992 के बाद सबसे कम रहा और 40 प्रतिशत से भी नीचे चला गया। डर के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। कांग्रेस को मजबूर होकर चुनाव का बहिष्कार करना पड़ा, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने तमाम दबावों के बावजूद आम आदमी पार्टी के खिलाफ डटकर मुकाबला किया।
बीबा गनीव कौर मजीठिया ने कहा, चाहे मेरे पति को जेल में डाल दिया गया हो और हमें चारों तरफ से घेर लिया गया हो, फिर भी हमने लड़ाई नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार की नहीं, बल्कि पुलिस की जीत है।
