क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा रतलाम में आयोजित चार दिवसीय खेल महाकुंभ खेल चेतना मेला में पहली बार बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। क्रिकेट को लेकर बालिकाओं में काफी उत्साह रहा। बालिका क्रिकेट को देखने के लिए कई पैरेंट्स भी पहुंचे।
.
खेल चेतना मेला का यह 26वां वर्ष था। चार दिन तक चली खेल प्रतियोगिता में रतलाम शहर के 100 स्कूलों के 7 हजार से अधिक विद्यार्थी अलग-अलग खेल में शामिल हुए। हाल में ही महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की एतिहासिक जीत को ध्यान में रखते हुए पहली बार रतलाम में खेल मेले में बालिका क्रिकेट भी रखा गया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में छात्राओं में उत्साह रहा।
बालिकाओं की 24 टीमें उतरी
हर बार खेल मेले में बालक क्रिकेट प्रतियोगिता होती है। लेकिन 26 साल में यह पहला मौका था कि खेल मेले में पहली बार बालिका क्रिकेट रखा गया। बालकों की 44 टीम के साथ ही बालिकाओं की 24 टीम बालिका क्रिकेट में मैदान में उतरी थी। जिनमें कक्षा 7वीं से लेकर 10वीं तक छात्राओं को शामिल किया गया।
इनके बीच हुआ फायनल मुकाबला
बालिका क्रिकेट में फायनल मुकाबला गुरू तेग बहादुर एकेडमी और सांईश्री इंटरनेशनल के बीच हुआ। साईश्री ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 38 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु तेग बहादुर एकेडमी की टीम ने मैच जीत लिया। बालक वर्ग में हिमालया इंटरनेशनल विजेता रहा जबकि उपविजेता गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल रहा।

विजेता बालिका टीम के साथ अतिथि।
बिना प्रेक्टिस की मैदान में उतरी बालिकाएं
बालिका क्रिकेट की बड़ी बात यह थी कि अधिकतर छात्राएं बिना प्रेक्टिस के मैदान में उतरी थी। लेकिन सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया। यहां तक कई पैरेंट्स जिनके बच्चों ने भाग नहीं लिया था वह भी बालिका क्रिक्रेट मैच देखने पहुंचे।
विजेता टीम की खिलाड़ी आर्या कोठारी ने बताया पहली बार क्रिकेट मैदान में उतरी हूं, वह भी बिना प्रैक्टिस के। गली, मोहल्लों में सभी क्रिकेट खेल देखते तो मन में आता था हम भी क्रिकेट खेलेंगे। रतलाम शहर में बालिकाओं के लिए क्रिकेट एकेडमी होना चाहिए। ताकि हम भी एक अच्छे खिलाड़ी बन सके।
इस टीम ने दिलाई जीत
निकिता सिंह, आर्या कोठारी, डोली चौधरी, नव्या चंडालिया, हनी सेठी, ध्रुवी जैन, हिमानी पाटीदार, आध्या टाक, श्रीदा काकानी, जुनेरा मंसूरी, अनुष्का सिलावट ने जीत दिलाई।
क्रिकेट खेल संयोजक अश्वनी शर्मा ने बताया मध्यप्रदेश में पहली बार रतलाम में बालिका क्रिकेट हुआ है। खेल मेले के आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें आगे लाना है। आगामी दिनों में सभी के सहयोग से बालिका क्रिकेट कोचिंग एकेडमी भी निशुल्क शुरू की जाएगी।
शतरंज में 465 विद्यार्थियों ने लिया भाग
शह और मात के खेल शतरंज में 465 विद्यार्थियों ने भाग लिया। रोटरी हॉल में आयोजित स्पर्धा में नन्हे खिलाड़ी बड़ी चाल चलते नजर आए। आयु वर्ग के हिसाब से चार वर्ग में खिलाड़ियों को विभाजित कर मैच कराए गए। टीम स्पर्धा में बालक और बालिका दोनों वर्गों में गुरू तेग बहादुर स्कूल विजेता रहा जबकि सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल रनर-अप रहा।
