DIPRO ड्राइवर हरकेश को जिला सचिवालय की पार्किंग में पड़े मिले थे करीब एक लाख रुपए।
पलवल जिले में ईमानदारी की एक मिसाल देखने को मिली है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय (DIPRO) के ड्राइवर हरकेश ने जिला सचिवालय की पार्किंग में मिले करीब एक लाख रुपए उनके मालिक को लौटा दिए। इस कार्य के लिए उनकी सराहना की जा रही है।
.
यह घटना उस समय की है जब हरकेश अपनी ड्यूटी पर थे और किसी आवश्यक कार्य से जिला सचिवालय पलवल गए हुए थे। पार्किंग में उन्हें करीब एक लाख रुपए की नकद राशि पड़ी मिली।
हरकेश ने तुरंत इस बारे में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को सूचित किया। जांच के दौरान वार्ड नंबर 17 पलवल निवासी कपिल मंगला पुत्र सुरेश मंगला के रुपए खोने की बात सामने आई। पुलिसकर्मियों ने कपिल मंगला को हरकेश का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया।
मालिक को लौटाए उसके रुपए
कपिल मंगला ने हरकेश से फोन पर संपर्क किया। हरकेश ने पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिसकर्मियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में 99,500 रुपए की राशि कपिल मंगला को सौंप दी।
ड्राइवर हरकेश ने बताया कि इतनी बड़ी रकम देखकर उनके मन में आया कि यह पैसा किसी जरूरतमंद या मेहनती व्यक्ति का होगा। इसलिए उन्होंने इसे सुरक्षित रखकर सही मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया। डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार और उनके साथी कर्मचारियों ने हरकेश की ईमानदारी की प्रशंसा की है।
