तोशाम पुलिस स्टेशन की फाइल फोटो।
भिवानी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तोशाम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने जिले में संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
.
शक्ति ने तोशाम थाना में बताया कि 30 दिसंबर 2025 को वह तोशाम स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर मोटरसाइकिल पर अपने गांव रिवासा जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने अपनी थार गाड़ी से उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी
शिकायतकर्ता के अनुसार, टक्कर मारने के बाद आरोपी प्रिंस और उसके अन्य साथियों ने उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस शिकायत के आधार पर तोशाम थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना तोशाम के उप निरीक्षक जगदीश के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने बागानवाला रोड, तोशाम से दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रिंस और राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों कोर्ट को में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी और वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश और लड़ाई-झगड़े को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा।
