मुख्य बातें

पानीपत में ‘एविएटर’ गेम ने ली युवक की जान: 3 साल पहले हुई थी शादी, कर्ज के दलदल में फंसकर लगाया फंदा – Panipat News

पानीपत में ‘एविएटर’ गेम ने ली युवक की जान:  3 साल पहले हुई थी शादी, कर्ज के दलदल में फंसकर लगाया फंदा – Panipat News

हरियाणा की औद्योगिक नगरी पानीपत जिले के थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के जानलेवा शौक ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया है। विकास नगर की गली नंबर-1 में रहने वाले एक युवक ने ऑनलाइन गेम ‘एविएटर’ में लाखों रुपए हारने और भारी कर्ज में डूबने के कारण मानसिक तनाव में आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने अपने घर पर ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। उसने पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगाया। पत्नी जब उसके कमरे के बाहर पहुंची, तो उसने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद खिड़की के भीतर से झांक कर देखा तो उसने घटना का पता लगा। शव को फंदे पर लटका देख पत्नी ने इसकी सूचना परिवार, स्थानीय लोगों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है। यहां सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए, क्या है पूरा मामला… तीन साल पहले बंधा था वैवाहिक बंधन
मृतक की पहचान अक्षय, पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूलरूप से गांव कुडलान का रहने वाला था। अक्षय की जिंदगी में सब कुछ सामान्य चल रहा था। करीब 3 साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। वह विकास नगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था। हालांकि, किसे पता था कि मोबाइल फोन पर रातों-रात अमीर बनने का लालच उसके वैवाहिक जीवन और खुशियों को ग्रहण लगा देगा। अक्षय अक्सर अपने फोन पर गेम खेलता रहता था, जो धीरे-धीरे उसकी लत में तब्दील हो गया। चंद रुपए की जीत से शुरू हुआ ‘मौत का खेल’
जानकारी के अनुसार, अक्षय ने ‘एविएटर’ गेम की शुरुआत बहुत छोटे दांव से की थी। शुरुआत में कुछ छोटी जीत ने उसे उत्साहित किया और उसे लगा कि वह इसके जरिए आसानी से पैसे कमा सकता है। लेकिन यह जीत केवल एक जाल थी। जैसे-जैसे वह खेल में आगे बढ़ा, जीत की उम्मीद में उसने बड़ा निवेश करना शुरू किया। एक के बाद एक हार ने उसे बुरी तरह तोड़ दिया। हार की भरपाई करने के चक्कर में अक्षय ने अलग-अलग जगहों से कर्ज लेना शुरू कर दिया। कर्ज का दबाव और मानसिक प्रताड़ना
देखते ही देखते अक्षय कर्ज के ऐसे दलदल में फंस गया जिससे निकलना उसे नामुमकिन लगने लगा। गेम में पैसे हारने और कर्जदारों के दबाव के चलते वह गंभीर मानसिक तनाव में रहने लगा। घर में छोटे बच्चे और पत्नी की जिम्मेदारी के बीच आर्थिक तंगी ने उसे अंदर तक झकझोर दिया था। इसी मानसिक क्लेश के चलते अक्षय ने अंततः विकास नगर स्थित अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना सेक्टर-29 पुलिस ने शुरू की जांच
​​​​​​​घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-29 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस अब अक्षय के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किस-किस प्लेटफॉर्म पर कितना पैसा लगाया था और कर्ज देने वाले लोग उसे किस तरह परेशान कर रहे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *