सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी हास्पिटल में ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जांच तीन थानाक्षेत्र काकादेव, कल्याणपुर और पनकी की सीमा में उलझ कर रह गई है। काकादेव पुलिस का कहना है कि ट्रांसपोर्टर को सिर्फ रीजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कल्याणपुर पुलिस का कहना ट्रांसपोर्टर की पनकी निवासी महिला मित्र के घर तबियत बिगड़ी जिस कारण पनकी पुलिस मामले की जांच करेगी। वहीं पनकी पुलिस से संपर्क करने पर बताया गया कि अब तक कोई उनके पास नहीं आया है। अब जानिए पूरा मामला… कानपुर देहात के यूपीएसआइडीसी रनियां जैनपुर निवासी 40 वर्षीय मनीष यादव ट्रांसपोर्टर थे। उनका जैनपुर में ही ट्रांसपोर्ट है। परिवार में पत्नी अनामिका बेटी पायल व करन अर्जुन बेटे हैं। बड़े भाई सुनील कुमार यादव ने बताया कि रविवार शाम मनीष चित्रकूट जाने की बात कहकर अपनी कार से निकले थे। सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से किसी युवती का फोन आया। उसने बताया कि मनीष की हालत गंभीर है और वह रीजेंसी हास्पिटल में भर्ती हैं। कुछ देर बाद ही एक अन्य नंबर युवक ने यही जानकारी देकर जल्द पहुंचने को कहा। इस पर बदहवास परिजन रीजेंसी पहुंचे तो वहां पर एंबुलेंस में मनीष का शव रखा हुआ था और उनकी हास्पिटल के बाहर ही उनकी कार भी खड़ी थी। जब उन्होंने गार्ड से बातचीत की तो पता चला कि एक युवक और युवती मनीष को लेकर यहां आए थे, लेकिन इसके बाद वह कहां चले गए पता नहीं। जानकारी पर काकादेव पुलसि मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें युवक–युवती हास्पिटल में संदिग्ध दिखे, जो मनीष को भर्ती कराने आए थे। बड़े भाई सुनील का कहना था कि कार में ही मनीष के दोनों मोबाइल स्विच आफ मिले हैं साथ ही उसके खाते से ट्रांजेक्शन भी हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्रांसपोर्टर की मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित रखा गया है। काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामला कल्याणपुर थानाक्षेत्र का है, उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्टर अपनी पनकी निवासी महिला मित्र के घर जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए गया था, जहां उसकी तबियत बिगड़ गई। महिला मित्र उसे पनकी के निजी अस्पताल में लेकर पहुंची, जहां उसे एडमिट नहीं किया गया। जिसके बाद महिला मित्र उसे रीजेंसी लेकर पहुंची और वहां छोड़ कर भाग निकली। घटना के बाद से ट्रांसपोर्टर की महिला मित्र का मोबाइल बंद आ रहा है। घटना पनकी थानाक्षेत्र की है। वहीं पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रकरण की जानकारी नहीं है, अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
Source link
