भदोही रेलवे स्टेशन पर एक हादसा हो गया। गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस से उतरते समय एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया, जिससे उसका दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखिए तस्वीरें… जानिए घटना के बारे में विस्तार से… जानकारी के अनुसार, याकूबपुर, कोतवाली भदोही निवासी अशोक कुमार पांडे (55 वर्ष), जो स्वर्गीय अनंत लाल पांडे के पुत्र हैं, अपने चचेरे भाई सुरेंद्र नाथ पांडे के साथ अपने चाचा फूलचंद पांडे को ट्रेन में बैठाने स्टेशन पहुंचे थे। चाचा को ट्रेन में बैठाने के लिए अशोक और सुरेंद्र डिब्बे में चढ़े थे। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उतरते समय अशोक कुमार पांडे का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह कट गया। गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर यह घटना रेलवे फाटक संख्या 32 के पास हुई। घायल अशोक कुमार पांडे को तत्काल भदोही के महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस जब पहुंची, घायल खून से लथपथ था एंबुलेंस के ईएमटी रुदल यादव और पायलट राजेंद्र यादव ने बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तब घायल अशोक कुमार पांडे खून से लथपथ थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। बड़े भाई का पहले ही निधन हो चुका था अशोक कुमार पांडे दो भाइयों में छोटे हैं; उनके बड़े भाई का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी मां और पत्नी के साथ गांव में रहते हैं। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि दोनों पुत्र रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के राजू तिवारी ने बताया ”जब अशोक अपने चाचा को ट्रेन में बैठाने के लिए ट्रेन में चढ़े थे तभी ट्रेन आगे बढ़ने लगी। इसी दौरान वह जल्दबाजी में उतरने का प्रयास किए, जिससे यह हादसा हुआ”
Source link
