जालौन के उरई स्थित पुलिस कार्यालय में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने देश की आजादी, संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वातावरण में शांति और गंभीरता बनी रही, जिसमें शहीदों के त्याग को स्मरण किया गया। पहले 2 तस्वीरें देखिए… पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश के लिए अमूल्य है। उनके त्याग के कारण ही आज हम स्वतंत्रता और सुरक्षा के साथ जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा और सत्य के विचारों को भी समाज के लिए दिशादर्शक बताया। डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस बल के प्रत्येक जवान से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से भी देशभक्ति की भावना अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने भी शहीदों के त्याग को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। इस कार्यक्रम में सीओ लाइन राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link
