हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतार दिया। कसौली के शनोगी गांव में आरोपी ने शनिवार रात इस घटना को अंजाम दिया। संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने रविवार देर शाम आरोपी पति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार- शनोगी निवासी चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इस दौरान चतर सिंह ने कथित तौर पर पत्नी पर धारदार हथियार से वार किए। इससे सुमन की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम मौके पर पहुंची और मौके पर खून से लथपथ हालत में सुमन का शव बरामद किया। उसके गले और शरीर पर धारदार हथियार के कई गहरे घाव पाए गए। बताया जा रहा है कि दोनों की नवंबर 2025 में ही शादी हुई थी। अब तीन महीने बाद पति ने पत्नी का मर्डर कर दिया है। पुलिस के अनुसार- आरोपी ने मर्डर क्यों किया? इसका खुलासा नहीं हो पाया। आरोपी को आज पुलिस रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद पूछताछ में मर्डर की वजह मालूम पड़ेगी। परिजन-ग्रामीण बोले- पति ने ही हत्या की परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बताया कि सुमन की हत्या उसके पति ने ही की है। मृतक महिला की रिश्तेदार पूजा निवासी शामती ने पुलिस को बताया कि परिवार को नरेन्द्र सिंह ने मोबाइल फोन पर झगड़े की सूचना दी थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और सुमन को मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने चाकू-कैंची बरामद की पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू और एक कैंची बरामद की है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। मृतक महिला के शव का आज IGMC शिमला में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। घरेलू विवाद से जुड़ा मामला लग रहा : DSP डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। आरोपी से पूछताछ जारी है।
Source link
