यमुनानगर जिले के गांव बाल छप्पर में 11 मई को हुई सतनाम सिंह की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे पुरानी दुश्मनी की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व सरपंच पति रिछपाल सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए उनके बेटे युवराज ने विदेश में बैठकर इस हत्याकांड की साजिश रची। वहीं अब मृतक सतनाम सिंह की पत्नी प्रवीण कौर उर्फ बीना का बयान सामने आया है। प्रवीण कौर का कहना है कि जब वर्ष 2020 में रिछपाल सिंह की हत्या हुई थी, तब युवराज और उसका भाई सनमीत काफी छोटे थे। उन्हें कभी अंदेशा नहीं था कि वर्षों बाद युवराज इस रंजिश को इतनी बड़ी वारदात में बदल देगा। पत्नी बोली- रिछपाल हत्या में मुख्य आरोपी बाबू था प्रवीण कौर ने कहा कि 2020 में हुई रिछपाल सिंह की हत्या में मुख्य आरोपी उसके जेठ का लड़का दरजीत सिंह उर्फ बाबू था। उसके अनुसार बाबू ने ही उनके बेटे वीरेंद्र को अपने साथ मिलाकर रिछपाल की हत्या की थी। प्रवीण कौर का कहना है कि अब युवराज ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए सीधे उसके पति सतनाम सिंह को मरवा दिया, जबकि उस पुराने मामले में मुख्य भूमिका बाबू की थी। उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश के चलते उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसके कारण वह लंबे समय से गांव छोड़कर अलग-अलग जगह किराए के मकानों में रह रही थीं। पिता की हत्या के डेढ़ साल बादे दोनों बेटे गए विदेश पुलिस जांच के अनुसार, रिछपाल सिंह की हत्या के करीब डेढ़ साल बाद उनके दोनों बेटे युवराज और सनमीत विदेश चले गए थे। बताया जा रहा है कि युवराज फिलहाल कनाडा में रह रहा है। अपराध शाखा-2 की जांच में सामने आया है कि युवराज ने करीब 6 साल तक बदले का इंतजार किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से सतनाम सिंह की हत्या की साजिश तैयार की। फायरिंग में इस्तेमाल बाइक नहर में फैंकी पुलिस के अनुसार युवराज ने विदेश से पैसे भेजकर शूटर अंबाला के मुलाना से मनका गांव निवासी प्रिंस को हायर कराया। 11 मई की सुबह करीब 5:30 बजे 55 वर्षीय सतनाम सिंह रोजाना की तरह गांव के बाहरी क्षेत्र में सैर के लिए निकले थे। तभी बाइक पर पहुंचे शूटर प्रिंस ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां सीधे उनके सीने में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद प्रिंस बाइक लेकर फरार हो गया और बाद में बाइक को नहर में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी इंद्रपाल सिंह उसे कार में बैठाकर बस स्टैंड तक छोड़ने गया, जहां से वह फरार हो गया। दो आरोपी गिरफ्तार, युवराज तक पहुंचने की कोशिश इस मामले में पुलिस पंजाब के मोहाली जिले के झुझारनगर निवासी अशोक कुमार और गांव सारन निवासी इंद्रपाल सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों पर शूटर को पैसे, हथियार, बाइक और फरारी में मदद देने के आरोप हैं। जांच में सामने आया है कि युवराज ने विदेश से अशोक कुमार के खाते में पैसे ट्रांसफर किए थे। इन्हीं पैसों का इस्तेमाल हत्या की साजिश को अंजाम देने में किया गया। अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब मुख्य शूटर प्रिंस और कनाडा में बैठे युवराज तक पहुंचने के लिए कार्रवाई कर रही है। विदेश से हुए पैसों के लेनदेन और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Source link
