बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना में 200 मीटर दूर नवनिर्मित निजी मकान के पीछे एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली है। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव के रहने वाले राजीव कुमार साह (30) के रूप में की गई है। नवनिर्मित मकान के मालिक को पीछले हिस्से से तेज दुर्गंध आ रही थी, जब उन्होंने इसकी जांच की तो झाड़ी में शव पड़ा मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी नवीन कुमार, इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन मौके पर पहुंचे। मृतक के जेब से एक मोबाइल बरामद किया गया। मोबाइल के आधार पर संपर्क करने पर खोदावंदपुर पहुंची एक महिला ने मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान अपने देवर के रूप में की। हलवाई का काम करता था स्थानीय लोगों के अनुसार राजीव कुमार साह खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय में ही रहकर घूम-घूमकर हलवाई का काम करता था। परिजनों का कहना है कि राजीव शनिवार को खोदावंदपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। स्थानीय लोग भी शनिवार की शाम के बाद से राजीव को नहीं देखे जाने की बात बता रहे हैं। मोबाइल की जांच की जाएगी आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत एक सप्ताह पहले हुई होगी। कुछ लोग इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि युवक रात में सोने के दौरान नवनिर्मित मकान की छत से नीचे गिर गया होगा, जिससे मौत हुई होगी। डीएसपी नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई है या उसकी हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था। मृतक के पास से बरामद मोबाइल की भी जांच की जा रही है।
Source link
