मुख्य बातें

लखनऊ में थार से स्टंट, विधायक का फर्जी पास लगाया: पुलिस की जांच में हुआ खुलासा; सड़क कर तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था गाड़ी – Lucknow News




लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट कर रही एक थार को पुलिस ने समय रहते रोक लिया। सहायक यातायात निरीक्षक (टीआई) राहुल वर्मा की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जांच में सामने आया कि थार पर चारों तरफ काली फिल्म लगी थी, पीछे नंबर प्लेट गायब थी और सबसे चौंकाने वाली बात यह कि वाहन पर विधान परिषद का जाली पास लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार चालक सड़क पर लापरवाही से गाड़ी दौड़ाते हुए अचानक ब्रेक, तेज मोड़ और स्टंट कर रहा था। इससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। इसी दौरान चेकिंग पर मौजूद सहायक टीआई राहुल वर्मा की नजर वाहन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत टीम के साथ थार को रोका। जांच के दौरान जब चालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। वाहन की तलाशी लेने पर पता चला कि चारों शीशों पर काली फिल्म लगी हुई है, जो नियमों के खिलाफ है। इसके अलावा वाहन के पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी, जिससे पहचान छिपाने की कोशिश की जा रही थी। सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब थार के शीशे पर चस्पा किया गया विधान परिषद का पास जांच में फर्जी निकला। पूछताछ करने पर चालक इस पास के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पास हूबहू असली जैसा दिख रहा था, लेकिन जांच में डुप्लीकेट पाया गया। सहायक टीआई राहुल वर्मा ने बताया कि वाहन संख्या यूपी 78 एचके 9100 का चालक न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा था, बल्कि फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर खुद को विशेषाधिकार प्राप्त दिखाने की कोशिश भी कर रहा था। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और दस्तावेजों की कमी के चलते थार को मौके पर ही सीज कर दिया। साथ ही चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी विधान परिषद पास कहां से और किस उद्देश्य से बनाया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *