मुख्य बातें

मोबाइल स्नैचरों ने पीएचडी छात्र को गोली मारी: प्रयागराज में छिनैती के बाद पीछा करने पर वारदात, जांघ में लगी गोली – Prayagraj (Allahabad) News

मोबाइल स्नैचरों ने पीएचडी छात्र को गोली मारी:  प्रयागराज में छिनैती के बाद पीछा करने पर वारदात, जांघ में लगी गोली – Prayagraj (Allahabad) News

प्रयागराज के कर्नलगंज में रात बाइक सवार मोबाइल स्नैचरों ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के एक पीएचडी छात्र को गोली मार दी। बदमाश एक छात्र का मोबाइल छीनकर भाग रहे थे। पीछा कर रोकने की कोशिश करने पर उन्होंने फायरिंग कर दी। गोली छात्र की जांघ में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि पुलिस ने अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
पंत हॉस्टल के पास घटना
पीड़ित छात्र मिथिलेश कुमार (24) इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहा है और चैथम लाइन मोहल्ले में पंत हॉस्टल में रहता है। उसके मुताबिक शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथियों के साथ खाना खाने के बाद टहल रहा था। इसी दौरान वनस्पति अनुसंधान केंद्र, सलोरी ओवरब्रिज के पास बाइक सवार दो बदमाश एक छात्र का मोबाइल छीनकर पंत हॉस्टल की ओर भागने लगे। मोबाइल जिस छात्र का छीना गया, वह अंबेडकर हॉस्टल का रहने वाला बताया गया है।
पीछे बैठे बदमाश ने दागा फायर
मोबाइल छिनने के बाद पीड़ित छात्र शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ा। आवाज सुनकर मिथिलेश ने भी बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि तभी बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली मिथिलेश की जांघ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
छात्र बोले- आए दिन होती है घटनाएं
घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल के अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चौकी पुलिस भी पहुंची, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। साथी छात्र घायल मिथिलेश को इलाज के लिए बेली अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। उधर घटना से नाराज छात्रों ने विरोध भी जताया। आरोप लगाया कि यहां आए दिन लूट, छिनैती की घटनाएं हो रही हैं।
थाना प्रभारी बोले- चल रही है जांच
उधर मिथिलेश का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और न ही हमलावरों की पहचान कर सकी है।
वहीं कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *