साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना हिसार पुलिस ने ऑनलाइन शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आईसीआईसीआई बैंक कर्मचारी तरुण सिंगला निवासी बरवाला ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर 15 मई 2025 को शिकायत दर्ज करवाई कि उसे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों द्वारा झांसा देकर उससे कुल 29 लाख 70 हजार रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाए गए। बैंक खाते से हुई आरोपी की पहचान शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना हिसार में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच एवं बैंक खातों की पड़ताल के दौरान एक खाते की पहचान शाहरुख निवासी धौज, जिला फरीदाबाद के नाम पर हुई, जिसके खाते में शिकायतकर्ता द्वारा 12 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे। थाना साइबर से ASI अनिल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहरुख खान को धौज, फरीदाबाद से काबू कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को आज न्यायलय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में गहन जांच जारी है तथा मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी व बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
