राजस्थान, गुजरात और इससे लगते पाकिस्तान के एरिया पर बने एंटीसाइक्लोन सिस्टम ने राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी कर दी है। दिन में आसमान साफ रहने से सूरज की तपिश तेज हो गई है। पश्चिमी जिलों में हल्की गर्म हवाएं चलने लगी हैं। बाड़मेर में शनिवार (7 मार्च) को अधिकतम तापमान 39.8 और जैसलमेर में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर, श्रीगंगानगर, जोधपुर में भी कल अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र से जारी अगामी एक सप्ताह के पूर्वानुमान में गर्मी और तेज होने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना जताई गई है। बाड़मेर और जैसलमेर में सबसे ज्यादा गर्मी
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो जोधपुर, बीकानेर संभाग के 7-8 जिलों में शनिवार को दिनभर तेज और झुलसाने वाली गर्मी रही। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर और जैसलमेर में रही। जोधपुर, पाली में अधिकतम तापमान 38.2, श्रीगंगानगर में 38.1, चित्तौड़गढ़ में 38.4, पिलानी (झुंझनूं) में 38.1 और बीकानेर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू में 37.7, उदयपुर में 36.8, अजमेर में 36.3, कोटा, जयपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इन सभी शहरों के अलावा वनस्थली (टोंक), झुंझुनूं, अलवर, भीलवाड़ा में भी गर्मी तेज है, जहां अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है। तापमान औसत से 9 डिग्री ऊपर
प्रदेश में अचानक गर्मी बढ़ने के कारण लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर (2 से 9 डिग्री सेल्सियस तक) दर्ज हो रहा है। श्रीगंगानगर में शनिवार (7 मार्च) को अधिकतम तापमान सामान्य से 9.6 डिग्री, पिलानी (झुंझुनूं) में 9.3, जैसलमेर में 8.1, बीकानेर में 7.3, चूरू, सीकर में 6.5, बाड़मेर में 6.3, जोधपुर, जयपुर में 6 और चित्तौड़गढ़ में 6.2 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हुआ। रात में पारा गिरने से राहत
राज्य में दिन में तेज गर्मी रहने के बाद लोगों को रात में राहत है। अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा है। दौसा, पाली, सिरोही, माउंट आबू (सिरोही), चूरू, चित्तौड़गढ़, सीकर, अलवर में तो न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा रहा है। शनिवार रात में सबसे ज्यादा ठंडक फतेहपुर (सीकर) में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहने की संभावना जताई है। इस बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 10-11 मार्च से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव चल सकती है।
Source link
