दतिया में चैत्र नवरात्रि में लगने वाले प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, और एसपी सूरज वर्मा ने अधिकारियों के साथ रतनगढ़ पहुंचकर मेला परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन कर मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन की कामना की। इसके बाद उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र का दौरा किया और मौका नक्शा देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों की जानकारी ली। मंदिर परिसर स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पहले से मजबूत और सुव्यवस्थित रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सीय सुविधा और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। सिंध नदी क्षेत्र में गोताखोरों की टीम और महाजाल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं बंदरों की समस्या को देखते हुए उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग, जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था और पूरे मेले की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से करने की भी योजना बनाई गई है। साथ ही रतनगढ़ पहुंचने वाले सभी मार्गों की मरम्मत जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण और बैठक के दौरान मेला व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Source link
