फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाना पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो 996 ग्राम हेरोइन और पाकिस्तान से आया एक ड्रोन बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए काउंटर इंटेलिजेंस जलालाबाद के इंचार्ज अधिकारी राजवंत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जलालाबाद के बीओपी एसएस वाला क्षेत्र में पाकिस्तान से हेरोइन की खेप भेजी जा रही है। जिसे लेने के लिए कुछ तस्कर पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को काबू कर लिया। ड्रोन से भेजी गई थी हेरोइन प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए दो बार हेरोइन भेजी गई। पहले चक्कर में ड्रोन ने एक किलो हेरोइन गिराकर वापसी कर ली। दूसरे चक्कर में तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन खेतों में ही गिर गया। इसके बाद पाकिस्तान में बैठे तस्करों ने ड्रोन की लोकेशन भारतीय तस्करों को भेजी और उसे ढूंढने के लिए कहा। जब आरोपी खेतों में ड्रोन और हेरोइन की खेप की तलाश कर रहे थे, तो इसी दौरान पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान जगदीश सिंह निवासी जिला फिरोजपुर और गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक निवासी सिंघवा बेट, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हैं, यह खेप किसके कहने पर मंगवाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
Source link
