करनाल जिला में घरौंडा के अराईपुरा रोड की जर्जर हालत और अवैध कब्जों का मुद्दा हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के सामने उठाया। सड़क निर्माण और सड़क पर हुए अवैध कब्जो को हटवाने के लिए संत्री से लेकर मंत्री तक गुहार लगा चुके बीजेपी किसान मोर्चा के पूर्व जिला सचिव व घरौंडा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ने खुलकर आवाज उठाई और कहा कि अवैध कब्जो को हटवाने के लिए पीडब्ल्युडी ने कब्जाधारियों को नोटिस बांटे लेकिन बाद में वे नोटिस वापिस हो गए। सड़क पर अब सिर्फ कब्जे है और सड़क की हालत खस्ता है। अधिकारियों को लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। जिसके बाद कृषि मंत्री ने न सिर्फ पीडब्ल्युडी के अधिकारियों बल्कि पीडब्ल्युडी मिनिस्टर तक को फोन घुमा दिया और जल्दी से सड़क निर्माण के लिए कहा। चार महीने से उखड़ी पड़ी है सड़क
भाजपा के 40 साल पुराने कार्यकर्ता सतपाल राणा ने मंत्री के सामने बताया कि घरौंडा से नगला चौक तक करीब 20 किलोमीटर लंबी सड़क को पीडब्ल्यूडी विभाग ने पिछले चार महीने से उखाड़ रखा है। सड़क का ऊपरी हिस्सा हटाने के बाद अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, जिससे रास्ता पूरी तरह खराब हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस दौरान दर्जनों दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। अवैध कब्जों से सिमटी सड़क
सतपाल राणा ने बताया कि अराईपुरा रोड की कुल चौड़ाई 132 फुट है, लेकिन दोनों तरफ 46-46 फुट तक अवैध कब्जे किए गए हैं। इसके चलते सड़क केवल 30 से 32 फुट रह गई है। इतना ही नहीं, इस बची हुई जगह में भी 8 से 10 फुट तक रेहड़ियां खड़ी हो जाती हैं, जिससे कई जगह सड़क की चौड़ाई 10 फुट तक सिमट जाती है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद खतरनाक है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 2018 में हुए नोटिस भी बेअसर
सतपाल राणा ने बताया कि अवैध कब्जों को हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने 2018 में सड़क की निशानदेही करवाई थी और करीब 300 नोटिस भी जारी किए गए थे। लेकिन ये सभी नोटिस बाद में वापस ले लिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन दबावों में ये नोटिस वापस लिए गए, इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि 50-100 लोग अवैध कब्जा करके फायदा उठा रहे हैं, जबकि लाखों लोग परेशान हो रहे हैं। विधायक तक पहुंच चुका है मामला
मंत्री श्याम सिंह राणा ने जब पूछा कि क्या यह मामला स्थानीय विधायक हरविंद्र कल्याण के संज्ञान में है, तो शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह मुद्दा विधायक हरविंद्र कल्याण के साथ-साथ अन्य अधिकारियों और स्पीकर तक भी पहुंच चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर सरकार की सड़कों पर ही कब्जे होते रहेंगे और कार्रवाई नहीं होगी, तो आम जनता को ही नुकसान उठाना पड़ेगा। अधिकारियों को लगाई फटकार
मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता (एसई) से बात की। उन्होंने कहा कि चार महीने से सड़क उखड़ी हुई है और लोग परेशान हो रहे हैं। मंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए। पीडब्ल्यूडी मंत्री को किया फोन
इसके बाद श्याम सिंह राणा ने पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह मंडी में किसानों की समस्याएं सुनने आए थे, लेकिन यहां लोगों ने सड़कों की गंभीर समस्या सामने रख दी है। उन्होंने बताया कि घरौंडा से नगला चौक तक 20 किलोमीटर लंबी सड़क का ऊपरी हिस्सा उखाड़ दिया गया है, लेकिन अब तक निर्माण नहीं हुआ, जिससे पूरा सिस्टम बिगड़ गया है। उन्होंने इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बनवाने की मांग की। जल्द समाधान का भरोसा
पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने फोन पर मामले को देखने का आश्वासन दिया। वहीं कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी लोगों को भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण और अवैध कब्जों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link
