हरियाणा के नारनौल में निजामपुर थाना क्षेत्र में एक कंपनी कर्मचारी से ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने कंपनी के एमडी बनकर कर्मचारी से 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव खातोली अहीर निवासी देवेन्द्र ने थाना निजामपुर में दी शिकायत में बताया कि उसके ऑफिस की मेल आईडी पर कंपनी के एमडी के नाम से एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें उसका मोबाइल नंबर मांगा गया। देवेन्द्र ने इसे सही समझते हुए अपना नंबर मेल के जरिए भेज दिया। एमडी का व्हाट्सएप मैसेज आया इसके बाद उसी दिन शाम 6:43 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज करने वाले व्यक्ति ने खुद को एमडी बताते हुए अमेजन से स्टीम वॉलेट कोड खरीदने के लिए कहा। देवेन्द्र ने निर्देश अनुसार 10-10 हजार रुपये के तीन सेट कोड खरीदे और बताए गए ई-मेल आईडी पर भेज दिए, जिनकी कुल कीमत 30 हजार रुपये थी। असली एमडी के पास किया फोन कुछ देर बाद ठगों ने उसे दो और सेट खरीदने के लिए कहा, जिससे उसे शक हुआ। इस पर उसने अपने असली एमडी से फोन पर संपर्क किया, तब उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। हेल्पलाइन नंबर पर की शिकायत देवेन्द्र ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने थाना निजामपुर में लिखित शिकायत दी। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी को मामले की तफ्तीश सौंपी जाएगी और ठगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
