राजधानी में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मुजगहन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, ईदगाह भाटा निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद युनुस ने आजाद चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 5 अप्रैल को वह अपने दोस्त के साथ सातपाखर एनीकट, काठाडीह पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान आरोपी फारूख, रियाज, उस्मान, चीकू और विशाल नायक वहां पहुंचे और पुरानी दीपावली के दौरान हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए युनुस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हिस्से में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में मुजगहन थाना में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुलदेव शर्मा, एसीपी नवनीत पाटिल और थाना प्रभारी अमित कोसमा को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मुखबिर की मदद से आरोपी गिरफ्तार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान कर त्वरित दबिश दी गई। पुलिस ने शेख फारूख (22), मोहम्मद रियाज खान (25), सैय्यद उस्मान (19), शेख साहिल उर्फ चीकू (26) और विशाल नायक (19) को 6 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी बोरियाखुर्द और टिकरापारा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
