सिविल लाइन पुलिस ने विदिशा-भोपाल हाईवे पर खड़े ट्रक से 310 लीटर डीजल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल की गई 10 लाख रुपए की कार जब्त की है। पुलिस इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता मान रही है। यह घटना 5 अप्रैल की देर रात विदिशा-भोपाल हाईवे बायपास पर हुई थी। इंदौर से माल लेकर दमोह जा रहे ट्रक चालक राजेश कुर्मी ने विदिशा के पास अपने टैंकर में डीजल भरवाया था। रात के समय वह बायपास पर ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने सुनसान का फायदा उठाकर टैंकर से करीब 310 लीटर डीजल चुरा लिया, जिसकी कीमत लगभग 28 हजार रुपए थी। घटना के बाद ड्राइवर ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और मुखबिर व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने रायसेन जिले के मोडीकोड़ी गांव में दबिश देकर आरोपी आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी आमिर खान के कब्जे से चोरी किया गया डीजल बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 10 लाख रुपए की कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है। साथ ही, चोरी किए गए डीजल को कहां और किसे बेचा जाता था, इसकी भी जांच की जा रही है। हाईवे पर बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों को राहत मिली है।
Source link
