कोटा में वन्यजीवों के साथ क्रूरता का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चंद्रलोही नदी में मगरमच्छों के ऊपर सुतली बम फेंक कर फोड़ा गया। इस नदी में सैकड़ों की संख्या में मगरमच्छ रहते हैं, जो सुबह और शाम के समय नदी किनारे धूप सेंकते नजर आते हैं। लेकिन इस वीडियो में एक युवक इन बेजुबान जानवरों के साथ खतरनाक खिलवाड़ करता दिख रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए सुतली बम जलाकर मगरमच्छों के झुंड के बीच फेंक देता है। बम के फूटते ही वहां मौजूद मगरमच्छ घबराकर तेजी से पानी में कूदने लगते हैं। वीडियो में यह भी नजर आता है कि आसपास अन्य जीव-जंतु भी मौजूद थे, जो इस हरकत से प्रभावित हो सकते थे। मगरमच्छ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-1 में शामिल हैं, जिन्हें सर्वोच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में उनके साथ इस तरह की हरकत करना न केवल अमानवीय है, बल्कि यह गंभीर कानूनी अपराध भी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान की गई हैं। वन विभाग के अधिकारी एके श्रीवास्तव का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद कोटा सिटी एसपी को भेजा गया है और इस युवक के खिलाफ हमने पूरी डिटेल निकाल ली है इस युवक की शिकायत FIR दर्ज करवाई है। पुलिस के द्वारा जल्द ही इस युवक को पकड़ लिया जाएगा। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती सोशल मीडिया की अंधी दौड़ पर भी गंभीर चिंता जताती है।
Source link
