डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऐस भारत सरकार’ नाम से चल रहे संदिग्ध संगठन का भंडाफोड़ किया है। मौके से लाल बत्ती लगी दो गाड़ियां जब्त की गईं और 6 लोगों को डिटेन किया गया। आरोप है कि ये लोग ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और मतदान प्रक्रिया को लेकर गुमराह कर रहे थे। आदिवासी ग्रामीणों को भ्रमित करने का आरोप डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के सेंगाल महुड़ी गांव में एक कथित संगठन द्वारा चलाई जा रही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ‘ऐस भारत सरकार’ के नाम से संचालित इस संगठन पर आरोप है कि यह खुद को सरकारी संस्था बताकर आदिवासी ग्रामीणों को भ्रमित कर रहा था।
डूंगरपुर डीएसपी तपेंद्र कुमार ने बताया कि आदिवासी युवा मंच के प्रदेश सह संयोजक करोली निवासी रवी कटारा (22) ने रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि गांव में संदीप डामोर के घर के सामने एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसका संचालन गुजरात के तापी जिले के व्यारा निवासी यशपाल सिंह एवं उनके ऐस भारत सरकार के नाम से चल रहे संगठन से जुड़े सदस्यों द्वारा किया गया है। सायरन और लाल बत्ती का दिखावा आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और यहां तक कि मतदान प्रक्रिया को लेकर भी गुमराह किया जा रहा था। इतना ही नहीं, आयोजकों ने खुद को सरकार से ऊपर बताने की कोशिश की और लाल बत्ती लगी गाड़ियों व सायरन का इस्तेमाल कर लोगों पर प्रभाव डालने का प्रयास किया। जिसकी उनके पास अनुमति भी नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए लाल बत्ती लगी दो गाड़ियों को जब्त कर लिया, जिन पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। साथ ही, मौके से 6 लोगों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। डीएसपी तपेंद्र कुमार के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
Source link
