लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में मारपीट के एक सामान्य केस की जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक बड़े फर्जीवाड़ा और उगाही गिरोह का खुलासा लगा है। जांच में कई नकली दस्तावेज और विभिन्न सरकारी विभागों के फर्जी पहचान पत्र बरामद हुए हैं, जिससे एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश हुआ है जो लोगों को डराकर पैसे वसूल रहा था। 11 लाख की उगाही का आरोप, फैक्ट्री बंद कराने की धमकी
यह मामला 10 मार्च 2026 को अमन नगर निवासी अमन की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में अमन ने आरोप लगाया कि इलाके के ही जगजीत सिंह उर्फ बबलू और राजविंदर सिंह ने मिलकर उनके परिवार से 11 लाख रुपए की उगाही की साजिश रची। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी फैक्ट्री के खिलाफ अलग-अलग सरकारी विभागों में शिकायतें देकर उसे बंद कराने की धमकी दी। दबाव में पिता ने किया सुसाइड का प्रयास
पीड़ित के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों से परिवार मानसिक दबाव में आ गया। इसी तनाव में उसके पिता विजय कुमार ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या की कोशिश की, हालांकि परिवार ने समय रहते उन्हें बचा लिया। समझौते के दौरान मारपीट, काउंसलर भी पहुंचे
मामला तब और बढ़ गया जब स्थानीय पार्षद रणधीर सिंह सिबिया लोगों के साथ समझौते के लिए आरोपियों के घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों और उनकी पत्नियों ने सड़क पर ही हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। फर्जी अफसर बनकर करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराते और पैसे ऐंठते थे। गिरोह का एक सदस्य संजीव चौहान नगर निगम कर्मचारी बनकर लोगों को ठगने का काम करता था।
पुलिस ने इस मामले में जगजीत सिंह की पत्नी पूजा रानी, संजीव चौहान और उसकी पत्नी जतिंदर कौर को भी नामजद किया है। पूजा रानी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि संजीव चौहान और उसकी पत्नी अभी फरार हैं। FIR में कई धाराएं, बाद में जोड़े गए संगठित अपराध के आरोप
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं 115(2), 118(1), 126(2), 308(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने नए सबूतों के आधार पर धाराएं 319(2) (भेष बदलकर ठगी), 318(4) (धोखाधड़ी) और 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ दीं। सलेम टाबरी थाना के SHO इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई फर्जी पहचान पत्र बरामद हुए हैं। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।
Source link
