मुख्य बातें

कोरबा में आंधी-बारिश में ट्रांसफार्मर में लगी आग: ग्रामीणों ने खुद बुझाई लपटें, शादी समारोह में बिजली गुल; दमकल की की मांग – Korba News

कोरबा में आंधी-बारिश में ट्रांसफार्मर में लगी आग:  ग्रामीणों ने खुद बुझाई लपटें, शादी समारोह में बिजली गुल; दमकल की की मांग – Korba News

कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी ग्राम बस्ती में शनिवार देर शाम तेज आंधी और बारिश के बीच ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। दमकल के समय पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभालकर आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब 7 बजे मौसम बिगड़ा और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और कुछ ही देर में आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि गर्मी के कारण पहले से लीकेज और जर्जर तार होने की वजह से वायर आपस में टकराए, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ। दमकल नहीं पहुंची, ग्रामीणों ने संभाली स्थिति घटना के दौरान इलाके में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं था। पास में केवल एनटीपीसी के पास ही फायर ब्रिगेड है, जो दूरी के कारण समय पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने रेत, मिट्टी और पानी डालकर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुका था। बिजली गुल, शादी समारोह में बढ़ी परेशानी आग लगने के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसी दौरान एक घर में शादी समारोह चल रहा था, जहां मेहमानों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। खाना बनाने और अन्य व्यवस्थाओं में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात में शुरू हुआ सुधार कार्य घटना की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही सुधार कार्य शुरू किया। हालांकि बिजली आपूर्ति सामान्य होने में कई घंटे लग गए। औद्योगिक क्षेत्र में फायर व्यवस्था की मांग ग्रामीणों ने बताया कि छुरी बस्ती औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई फैक्ट्रियां संचालित हैं, लेकिन एनटीपीसी को छोड़कर कहीं भी फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं है। लोगों ने मांग की है कि सभी उद्योगों में अनिवार्य रूप से दमकल व्यवस्था हो, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *