बुलंदशहर में 8 दिन पहले पेट्रोल डालकर जलाई गई युवती कशिश मीणा की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती को उसके प्रेमी के परिजनों ने कथित तौर पर जिंदा जलाने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। यह घटना अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के सालवाहनपुर गांव में हुई थी। युवती अपने प्रेमी का रिश्ता दूसरी जगह तय होने की सूचना पर उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान प्रेमी के परिजनों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी पिछले तीन साल से युवती का शोषण कर रहा था। सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना पुलिस और पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची। युवती लगभग 90 प्रतिशत जल चुकी थी। उसे तत्काल सीएचसी शिकारपुर में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया था। 8 दिनों तक दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद कशिश मीणा ने दम तोड़ दिया। युवती का शव घर पहुंचने पर आस-पड़ोस में गम का माहौल छा गया। मृतक की मां ने मुख्यमंत्री और एसएसपी से आरोपियों को सख्त सजा देने की अपील की है। युवती के परिजनों ने अहमदगढ़ थाने में युवती के प्रेमी सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी ने युवती को जिंदा जलाने वाले अन्य चार आरोपियों पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कोर्ट से एनबीडब्ल्यू वारंट जारी कराए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें गठित की हैं। मृतक कशिश मीणा का अंतिम संस्कार आज अनूपशहर के मस्तराम घाट पर पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया।
Source link
