राजौंद क्षेत्र के जाखौली गांव के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को नशा मुक्ति पर एक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में एसआई करमबीर सिंह और उनकी टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बनाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। नशे से दूर रहकर जीवन को सफल बनाएं युवा : एसआई विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। एसआई करमबीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को सफल बनाना चाहिए। टीम के अन्य सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को सही मार्ग पर चलने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने पुलिस विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने नशा मुक्त रहने की शपथ ली और समाज में इस संदेश को फैलाने का संकल्प लिया। यह संगोष्ठी नशा मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल साबित हुई।
Source link
