सीसीटीवी में मारपीट करते युवक कैद।
अमृतसर के अजनाला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हाथों में बेसबॉल बैट लेकर गली में घुसते और झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
.
पीड़ित पक्ष के कवलप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह राजा कोटली और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया। आरोपी गली में घुसे और सरेआम गुंडागर्दी करते हुए मारपीट की। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घायल युवक हरप्रीत सिंह ने कहा कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अब उन्हें पुलिस से इंसाफ की उम्मीद है।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी तरफ, विरोधी पक्ष के जरनैल सिंह ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि पहले उन्हें रोककर गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें भी चोटें आई हैं और पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
